चार दिन पहले विद्युत पोल में चढ़कर फाल्ट ठीक करते समय करंट लगने से हुई मौत की जांच विद्युत इंस्पेक्टर की अगुवाई में टीम करेगी। जांच के लिए एसडीओ ने इंस्पेक्टर को पत्र भेजा है। जांच में लाइनमैन, जेई के साथ ही घटनास्थल के आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे। टीम के बृहस्पतिवार को आने की संभावना है।
बीते रविवार की रात ग्राम खड़कपुर देवीपुरा में लाइन में फाल्ट आ गया था। विद्यांचल कालोनी निवासी विजय (19) पुत्र साधुशरण सिंह पोल में चढ़कर लाइन ठीक कर रहा था। इसी बीच अचानक लाइन में फैले करंट लगने से विजय जमीन पर आ गिरा। अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई थी।
परिजनों का आरोप था कि लाइनमैन ने फोन कर विजय को फाल्ट ठीक करने के लिए बुलाया था। करंट लगने के बाद जब विजय जमीन पर गिरा तो विद्युतकर्मी वहां से भाग गए थे। सोमवार को परिजन और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय में प्रदर्शन भी किया था।
ईई ने फोन कर परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया था। एसडीओ प्रकाश शाह ने बताया कि बुधवार को घटना की जांच के लिए फार्म 44 भरकर हल्द्वानी स्थित विद्युत इंस्पेक्टर के पास भेजा गया है। इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर आकर जांच करेंगे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर ही परिजनों को मुआवजा मिलेगा। जांच टीम घटनास्थल पर मौजूद कर्मचारियों, लाइनमैन, जेई के साथ ही वहां के ग्रामीणों के भी बयान दर्ज करेंगे। टीम के बृहस्पतिवार को जांच के लिए पहुंचने की संभावना है।