हाइवे स्थित गांव कनौरा में शनिवार को खनन से भरे डंपर ने बाइक सवार को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि उसका पति घायल हो गया। ग्रामीणों ने चालक को डंपर सहित पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार को यूपी के गांव खेड़ा टांडा (रामपुर) निवासी फिदा उल रहमान (58) पत्नी हुस्न बानो के साथ बाइक से काशीपुर अपने दामाद से मिलकर लौट रहे थे। हाइवे पर गांव कनौरा में पीछे से खनन से भरे डंपर (यूके 06सीए/7221 ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में फिदा उल रहमान की पत्नी हुस्न बानो की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि वह खुद घायल हो गया। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डंपर को चालक सहित पकड़ लिया। सूचना पर एसआई दीपक भट्ट मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। बताते हैं कि मृतका का दामाद काशीपुर के मोहल्ला पंजाबी सराय स्थित मस्जिद में इमाम है।