जनकल्याण संघर्ष समिति ने रामनगर लालकुआं रेल मार्ग पर चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों सहित दिल्ली जाने वाली इंटरसिटी का गूलरभोज स्टेशन पर स्टॉपेज बनाए जाने की मांग की। डीआरएम को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
बुधवार को जनकल्याण संघर्ष कल्याण समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने गूलरभोज स्टेशन पर बैठक आयोजित की। जिसमें कहा गया कि लंबी दूरी की अमृतसर 14616, बांद्रा 19061, आगरा फोर्ट 15055 और हावड़ा 05007 ट्रेन यहां से होकर जाती है। लालकुआं से दिल्ली को चलने वाली इंटरसिटी ट्रेन का भी स्टॉपेज यहां नहीं बनाया गया है।
इससे व्यापारियों और इस रेलवे स्टेशन क्षेत्र के हजारों यात्रियों को इनका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया कि यह स्टेशन लगभग 15 किमी का एरिया कवर करता है। हजारों यात्री इस मार्ग पर प्रतिदिन रेल का सफर करते हैं। बैठक में कहा कि विभाग को यहां के यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन सभी ट्रेनों का स्थायी स्टॉपेज किया जाना चाहिए।
समिति ने कहा कि रेलवे स्टेशन ब्राडगेज के हिसाब से ऊंचा न होने के कारण बुजुर्ग लोगों को ट्रेन में चढ़ने में असुविधा होती है। प्रतिदिन यात्री दुर्घटना का शिकार होते हैं। इसके बाद कार्यकर्ताओं त्रिनाथ विश्वास और विजय भुड्डी के नेतृत्व में डीआरएम को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक पीएस रावत को सौंपा। यहां पर विकास तनेजा, किशोर सामंत, जयराम राजभर, अमित गुप्ता, रेखा रावत मोहित चौहान आदि मौजूद थे।