एसडीएम कार्यालय में तैनात होमगार्ड का ड्यूटी आते समय पशु भरी पिकप रोकने को लेकर गांव के ही युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने होमगार्ड की जमकर पिटाई करने के साथ ही वर्दी भी फाड़ दी। पीड़ित ने थाने में तहरीर देने के साथ ही एएसपी से भी शिकायत की।
एएसपी ने पैगा चौकी इंचार्ज को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आईटीआई थाने में दी तहरीर में ग्राम शिवलालपुर अमरझंडा निवासी सतविंदर ने बताया कि वह एसडीएम कार्यालय में तैनात है। बृहस्पतिवार की सुबह रोजाना की तरह वह ड्यूटी जा रहा था। ढकिया गुलाबो वाली सड़क पर गांव के चौराहे के पास उसने पैगा चौकी की तरफ जा रही पशुओं से भरी पिकप को रोका। इसी बीच गांव के चार युवकों ने अपशब्दों का इस्तेमाल कर उस पर लात घूंसे बरसा दिए। विरोध करने पर जमकर पिटाई कर वर्दी फाड़ दी गई। आरोपियों में एक पुलिस का सिपाही भी है।
उसने घटना की सूचना एसडीएम दयानंद सरस्वती को भी दे दी है। इधर एएसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि होमगार्ड ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। आरोपियों से होमगार्ड का पहले से विवाद चल रहा है। चौकी इंचार्ज को जांच कर कार्यवाही को कहा गया है।