घर के सामने हो रहे देवी जागरण में गई तीसरी कक्षा की छात्रा का किसी ने अपहरण कर लिया। छात्रा को हवस का शिकार बनाने के बाद हत्या कर दी गई। तीन किलोमीटर दूर छात्रा का शव सब्जी के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को कोतवाली के बाहर रखकर जमकर हंगामा काटा। एसएसपी के साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर फिगर प्रिंट लिए। पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।
रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि अलीगंज मार्ग से ढकिया गुलाबो जा रही सड़क के पास एक सब्जी के खेत में बच्ची का शव पड़ा है। सूचना पर सीओ जीसी टम्टा, एसएसआई लाखन सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का मुआयना किया। इसी बीच घटनास्थल के पास लोगों का भारी मजमा जुट गया। कुछ देर बाद ही टाडा उज्जैन निवासी एक व्यक्ति ने मृतका की पहचान अपनी सात वर्षीय बेटी के रुप में की। पिता ने जैसे ही शव को उठाया तो कपड़े खून से सने मिले। बच्ची के गले पर नीला निशान होने के साथ ही मुंह खुला हुआ था। आशंका जताई गई कि मासूम की रेप के बाद गला घोंटकर हत्या की गई है। मृतका के पिता ने बताया कि शनिवार रात उसके घर के सामने जागरण हो रहा था। पत्नी, बेटी और बेटा जागरण देखने गए थे। रात करीब ढाई बजे जब बेटी नहीं दिखाई दी, खोजबीन की गई। लेकिन पता नहीं चल सका। बेटी कक्षा तीन में पढ़ती थी। आसपास के लोगों ने बताया कि रात में बच्ची अपनी सहेली के साथ खेलती हुई देखी गई थी। एक ग्रामीण ने चीख सुनने की भी बात कही थी। आशंका है कि हत्यारा लड़की का अपहरण करने के बाद तीन किलोमीटर दूर किसी वाहन से ले गया होगा। कप्तान अनंत शंकर ताकवाले ने लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। सीओ जीसी टम्टा ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल पर सक्रिय मोबाइल नंबरों की लोकेशन खंगाली जा रही है।
कोतवाली के आगे शव रखकर किया प्रदर्शन
काशीपुर। बच्ची के साथ रेप के बाद हत्या की सूचना के बाद बड़ी तादाद में ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस में एकत्र हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक विजय पाल की अगुवाई में परिजन और ग्रामीण शव को लेकर कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। आक्रोशित महिलाओं ने हंगामा किया। एसडीएम दयानंद सरस्वती, सीओ जीसी टम्टा, कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा ने लोगों को जाम खोलने के लिए समझाया। पूर्व विधायक विजय पाल ने अधिकारियों से 48 घंटे में हत्यारों को गिरफ्तार करने को आश्वासन मिलने पर शव को उठवाया। इसी बीच कुछ महिलाओं ने शव को उठाने नहीं दिया। उनका कहना था कि पुलिस के वादे पर उन्हें कतई भरोसा नहीं है। लेकिन बाद में समझाने पर महिलाएं मान गईं।
कहीं डर से तो राज नहीं छिपा रही सहेली
काशीपुर। ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची के साथ देर रात तक खेलते देखी गई सहेली भी काफी गुमसुम है। उसने पुलिस के सामने भी अपनी जुबान नहीं खोली है। वह काफी दहशत में है। उसके परिजन भी किसी को उससे बात नहीं करने दे रहे हैं। संभवत: अपहरण करने वालों को सहेली पहचानती है और डर के मारे नाम बताने से कतरा रही है।
नशेड़ियों की हो सकती है लिप्तता
काशीपुर। बच्ची की रेप के बाद हत्या के मामले में नशेड़ियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। टांडा उज्जैन और फसियापुरा के लोगों का कहना है कि यहां पर खुल्मखुल्ला स्मैक और अन्य नशीले पदार्थ बिक रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक पखवाड़े पहले कोतवाली में जाकर नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। उनको संदेह है कि घृणित कांड के पीछे नशेड़ियों का हाथ हो सकता है।
एसएसपी ने सहेली से की पूछताछ
काशीपुर। मासूम से दुराचार के बाद हत्या की सूचना मिलते ही एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया। इसके बाद उन्होंने बच्ची की सहेली से लंबी पूछताछ की। बाद में वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और वहां मौजूद एसआई सरोज कांबोज और डॉ. मदन मोहन से भी काफी देर तक बातचीत की। उसके बाद वे मीडिया से बातचीत किए बिना वापस लौट गए।
कपड़े का टुकड़ा भी बरामद
काशीपुर। पुलिस को घटनास्थल पर शव के पास से एक कपडे़ का टुकड़ा बरामद हुआ है। जिसे देखकर लग रहा था कि वो छीनाझपटी में फट गया होगा। पुलिस ने जांच के लिए टुकड़े को कब्जे में ले लिया है।
पहचान के डर से बच्ची को मारा
काशीपुर। सीओ जीसी टम्टा ने बताया कि घटनाक्रम से अनुमान लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने जागरण के दौरान ही वहां खेल रही बच्ची का अपहरण कर ले गए। उसके साथ दुराचार करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। यह भी हो सकता बच्ची हत्यारों को पहचानती होगी। इसी वजह से उन्होंने उसे जान से मार दिया। सीओ ने जल्दी ही घटना का खुलासा होने का दावा किया।