शहर में चिटफंड कंपनियों की ठगी के मामले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। एक बार फिर चिटफंड कंपनी का काला कारनामा सामने आया है। कोलकाता की कंपनी क्षेत्र के सैकड़ों लोगों का करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई। ठगी के शिकार उपभोक्ता ने कोतवाली आकर फरार कंपनी के एजेंट के खिलाफ ठगी करने की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बमनपुरी गांव के राजू पुत्र तिवारी लाल ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चोरगलिया बाईपास पर सनहैवन एग्रो इंडिया लिमिटेड नाम से चिटफंड की एक कंपनी चल रही थी। बताया कि एक साल पहले कंपनी के मगरसड़ा गांव निवासी एजेंट ने 15 सौ रुपये प्रति माह किस्त अदा करने पर छह साल में छह लाख 66 हजार रुपये मिलने का झांसा देकर खाता खुलवाया। बताया कि एजेंट के कहने पर उसने अपने पिता, बहन का खाता खुलवाया और पिछले 12 माह से प्रतिमाह 2700 रुपये जमा करता आ रहा है।
बताया कि गत बुधवार को वह एजेंट के पास किस्त जमा करने पहुंचा तो उसने बताया कि कंपनी भाग गई है। कहा कि जब उसने एजेंट से पैसा मांगा तो उसने पैसे नहीं दिए और पैसे मिलने में एक दो साल लगने की बात कही। उसने प्रभारी कोतवाल अशोक कुमार से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बताया कि कंपनी के कई एजेंट क्षेत्र में काम कर रहे थे। सैकड़ों लोगों का करोड़ों रुपये कंपनी ने जमा किया है। प्रभारी कोतवाल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कंपनी की चोरगलिया बाईपास स्थित ब्रांच देखी तो वह बंद मिली। कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।