मझगवां थाने के टोलारावत गांव में बुधवार शाम एक छात्र का बदमाश अपहरण कर ले गए। वह शाम के समय साइकिल से अपने गांव टोलारावत त्योहार पर जा रहा था। पिता ने थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
टोलारावत गांव निवासी देवपाल साहू पुत्र स्वामीदीन के एक पुत्र भूपेंद्र और एक पुत्री खुशबू है। भूपेंद्र कस्बे के गुलाब नगर में रहकर उरई स्टैंड स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठ में पढ़ाई करता था। बुधवार शाम करीब चार बजे भूपेंद्र ने अपने पिता को बताया कि वाहनों में भीड़ अधिक है। इसलिए वह साइकिल से गांव आ रहा है।
पिता देवपाल ने बताया कि शाम करीब छह बजे तक जब उसका पुत्र भूपेंद्र घर नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू कर दी। बताया कि गांव से कुछैछा मार्ग पर करीब दो किमी दूर भूपेंद्र की साइकिल और बैग पड़ा मिला। तब उसने इसकी सूचना मझगवां पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस ने भूपेंद्र की तलाश शुरू कर दी।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ योगेश कुमार ने बताया कि छात्र की तलाश की जा रही है। पुलिस ने युवक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया है। ताकि कोई सुराग मिल सके। भूपेंद्र के अपहरण से घर में कोहराम मचा है।