पुराने मामले को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष समर्थकों के बीच जमकर लात घूसे चले। मारपीट में दोनों पक्ष से नगर पंचायत चेयरमैन सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना को लेकर दोनों पक्ष के लोगों ने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर भीड़ को खदेड़ दिया। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। खबर मिलते सीओ राजीव मोहन, बाजपुर कोतवाल ओपी शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
केलाखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद शफी अंसारी और नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हामिद अली के बीच किसी पुराने मामले में पिछले कुछ समय से तनातनी चल रही है। मंगलवार को सरेबाजार दोनों पक्ष का आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष केे बीच गाली-गलौच और लात-घूसे चले। जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद शफी, उसका भाई याकूब दूसरे पक्ष पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हामिद अली का भाई नामित सभासद महबूब अली घायल हो गया। इसके अलावा दो अन्य लोग चोटिल हो गए। सभी का गदरपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया। खबर मिलते ही दो पक्ष के लोगों ने थाना परिसर में पहुंचकर हंगामा काटा। सीओ राजीव मोहन, कोतवाल ओपी शर्मा, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने समझाकर मामला शांत किया। पूर्व अध्यक्ष हामिद अली के भाई महबूब अली और अध्यक्ष मोहम्मद शफी ने अलग-अलग तहरीर देकर एक-दूसरे पर मारपीट, धमकी देने का आरोप लगाया है।
उधर सीओ ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार सिंह कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। सरेबाजार दोनों पक्ष के गाली गलौच कर शांति भंग की है इसमें दोनों पक्ष के लोगों को 107/116 में पाबंद किया जाएगा। तनाव को देखते गदरपुर एसओ प्रदीप कुमार रणा, एसआई कृष्ण कुमार, एसआई मनीष उपाध्याय फोर्स के साथ पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस ने फ्लेग मार्च किया।