पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से बदमाश बेखौफ हो गए हैं। बदमाशों एनएच किनारे स्थित पीएनबी के एटीएम का शटर तोड़कर भीतर घुस गए। लेकिन एटीएम का लॉक नहीं टूटने की वजह से उसमें रखा कैश ले जाने में कामयाब नहीं हो सके। एटीएम तोड़ने की कोशिश की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ सहित पुलिस कर्मियों ने एटीएम का मुआयना किया और बदमाशों की तलाश शुरु कर दी। पूरी घटना से हाइवे में पुलिस की गश्त की भी पोल खुल गई है।
बुधवार की सुबह सात बजे एनएच रुद्रपुर मार्ग पर तीर्थ द्रोणासागर के सामने पंजाब नेशनल बैंक के रीजनल ऑफिस में लगे एटीएम का कर्मचारियों ने शटर आधा खुला देखा। उन्होंने रीजनल मैनेजर अनिल सचदेवा को सूचना दी। सीओ जीसी टम्टा के अलावा आईटीआई थाने के पुलिसकर्मिंयों ने एटीएम का निरीक्षण किया। बैंक कर्मियों ने बताया कि बदमाशों ने एटीएम के शटर का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। लेकिन एटीएम के लॉक मजबूत होने से उसे तोड़ नहीं सके और बाक्स में रखा कैश ले जाने में विफल रहे। रीजनल मैनेजर अनिल सचदेवा ने बताया कि एटीएम में सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक सिक्योरिटी गार्ड की ड्यूटी रहती है। रात को एटीएम का शटर गिराकर बंद कर दिया जाता है।
एटीएम लोडर कंपनी से ही पता चलेगा कि एटीएम मशीन में कितना रुपया बचा था। घटना के बाद अब एटीएम की सुरक्षा के लिए एक और गार्ड नियुक्त किया जाएगा। सीओ टम्टा ने रीजनल मैनेजर से जानकारी लेने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के बावत आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मामले में बैंक प्रबंधन की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देने की कार्यवाही की जा रही है।
एटीएम तोड़ने में शामिल थे पांच बदमाश
सीओ जीसी टम्टा ने बताया कि एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में आधी रात 1.54 बजे की फुटेज में पांच बदमाश दिखाई पड़ रहे हैं। बारिश होने की वजह से तस्वीरें काफी धुंधली हैं। चेहरे पहचान में नहीं आ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही एटीएम तोड़ने वालों का पता लगा लिया जाएगा। रीजनल मैनेजर अनिल सचदेवा ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा सुरक्षित है। ये कैमरा बैंक के ई-सर्वलांस से जुड़ा है। पूरी रिकार्डिंग हैड ऑफिस के ई-विभाग में रिकार्ड होती है। दो-तीन दिन में रिकार्डिंग आ जाएगी।
पीएनबी का ही एटीएम बन रहा निशाना
रुद्रपुर मार्ग पर स्थित पीएनबी के एटीएम को बदमाशों ने दूसरी बार निशाना बनाया है। बीते 13 सितंबर 2013 को बदमाश एटीएम को काटकर छह लाख रुपये ले गए थे। बदमाशों का पुलिस पता नहीं लगा सकी थी। मंगलवार की रात फिर बदमाशों ने एटीएम तोड़कर रुपये निकालने की कोशिश की थी, लेकिन लॉक नहीं टूटने की बाक्स में रखा रुपया बदमाशों के हाथ नहीं लग सका।
एटीएम गार्ड की हो चुकी है हत्या
करीब डेढ़ साल पहले रुद्रपुर मार्ग पर इंडस्ट्रीयल क्षेत्र में एक्सिस बैंक के गार्ड की बदमाशों ने हत्या कर दी थी। बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरे की तारें काट दी थी। लेकिन डीबीआर में बदमाशों की तस्वीरें कैद हो गई थी। जिसके बाद हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया गया था।