जिले में अपराधियों को असलहे सप्लाई करने वाले एक सौदागर को एसटीएफ और गदरपुर थाना पुलिस के संयुक्त प्रयासों से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तस्कर से पुलिस को दो बंदूक, दो तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए हैं। डीआईजी एसटीएफ रिद्धिम अग्रवाल और एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने टीम को ढाई-ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
स्पेशल टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट को कुछ दिन पूर्व गदरपुर क्षेत्र में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना मिली थी। एसटीएफ कुमाऊं प्रभारी एमपी सिंह ने तस्कर की धरपकड़ के लिए सुरागकशी शुरू कर दी थी। बृहस्पतिवार शाम मुखबिर ने एक युवक के क्षेत्र में असलहे लेकर पहुंचने की सूचना दी। सूचना पर एमपी सिंह ने गदरपुर थाना प्रभारी ललित जोशी के साथ मिलकर क्षेत्र में घेराबंदी कर ग्राम चंदेला थाना बिलासपुर जिला रामपुर निवासी योगेंद्र पाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में योगेंद्र के पास से पुलिस ने दो देशी बंदूक 12 बोर, एक तमंचा 315 बोर, एक तमंचा 32 बोर के साथ चार कारतूस बरामद किए। पूछताछ में योगेंद्र ने बताया कि वह रामपुर मिलख से असलहों की खेप लाकर उन्हें रुद्रपुर में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को बेचता था। ललित जोशी ने बताया कि योगेंद्र असलहों की तस्करी के आरोप में वर्ष 2016 में थाना बिलासपुर से भी जेल भेजा गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की गई है।
टीम में ये रहे शामिल
गदरपुर में असलहों के सौदागर को गिरफ्तार करने वाली टीम में एसटीएफ के एसआई पंकज बेलवाल, हेड कांस्टेबल दीपक अरोरा, कांस्टेबल गोविंद सिंह बिष्ट, विरेंद्र चौहान, महेंद्र गिरी, किशोर कुमार, दुर्गा पापड़ा, सुरेंद्र कनवाल, राजेंद्र मेहरा, भूपेंद्र मर्तोलिया और गदरपुर थाने के कांस्टेबल पूरन आर्या, विक्रम आर्या और मुन्ना नेगी शामिल रहे।
कोट
उत्तराखंड में नशे और अवैध असलहों की खरीद फरोख्त करने वालों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ को विशेष टास्क दिया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों से होने वाली नशे की सप्लाई पर भी अंकुश लगाने को रणनीति तैयार की जा रही है। बार्डर क्षेत्रों में कुछ लोगों को चिह्नित भी किया जा रहा है। -रिद्धिम अग्रवाल डीआईजी एसटीएफ देहरादून।
कोट
गदरपुर में अवैध असलहों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ और थाना पुलिस ने सराहनीय कार्य किया है। नशे पर रोक लगाने के साथ ही गैर जनपदों से अवैध असलहों की तस्करी रोकने को आगे भी काम किया जाएगा। नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। -बरिंदरजीत सिंह एसएसपी ऊधमसिंह नगर।