रुद्रपुर एलायंस कालोनी में सुधीर चावला के घर कुर्की करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
एलायंस किंगस्टन स्थित सुधीर के आवास पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई के तहत सुधीर के घर से उसके कपड़े और बिस्तर के साथ अन्य सामान कब्जे में लिया। इससे पूर्व पुलिस की ओर से बीते मंगलवार को प्रिया शर्मा के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई थी।
बता दें कि भूमि मुआवजा घोटाला प्रकरण में बीते मंगलवार को सुधीर के आवास पर कुर्की के लिए पहुंची पुलिस को सुधीर के पिता सुरेंद्र चावला की ओर से सुधीर को अपनी संपत्ति से वर्ष 2016 में बेदखल करने का प्रार्थना पत्र दिया गया था। प्रार्थना पत्र की जांच के बाद सुधीर की बेदखली की पुष्टि हुई।
कोर्ट के आदेश के तहत बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3:30 बजे प्रशिक्षु आईपीएस आयुष अग्रवाल के नेतृत्व में कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट अपनी टीम के साथ सुधीर चावला के एलायंस किंगस्टन स्थित आवास पर पहुंचे। यहां से आधे घंटे के भीतर ही सुधीर के कपड़े, जूते, बिस्तर, कुछ किचन के सामान के साथ सोफा और चारपाई को अपने कब्जे में लेकर रवाना हो गए।
मकान सुुधीर के पिता के नाम पर होने के कारण पुलिस मकान की कुर्की नहीं कर सकी। बता दें कि धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज होने के बाद से प्रिया और सुधीर फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जल्द ही उन पर इनाम घोषित करने की भी तैयारी कर रही है।
गदरपुर के 10 मामले भेजे एफएसएल जांच को
रुद्रपुर में एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी ने गदरपुर तहसील में मिले बैक डेट की 143 के 10 मामलों की जांच के लिए कुछ तहसील कर्मियों के साथ ही काश्तकारों के हस्ताक्षर और हस्तलेख मिलान के लिए एफएसल देहरादून भेजे हैं। जांच रिपोर्ट में हस्ताक्षर फर्जी मिलने के बाद एसआईटी तहसील के कुछ और काश्तकारों के साथ ही तहसील कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।