पकड़िया गांव में चार बच्चों को कार में उठाकर ले जा रहे दो कार सवारों को पुलिस ने कार सहित पकड़ लिया। कार सवारों द्वारा बच्चों को उठाकर ले जाने की जानकारी तब हुई जब कार से एक बच्चा कूद गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना झनकईया पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़िया गांव में ही कार सहित दो लोगों को दबोच कर अन्य बच्चों को छुड़ाया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ली है।
झनकईया पकड़िया में गांव के बच्चे पवित्र मौत्र, सुमित्र मौत्र, दिनेश मौत्र पुत्र दीपांकर, समीर विश्वास पुत्र संजीव खेल रहे थे। इस दौरान कार (यूके 06-3860) से दो युवक आए और चारों बच्चों को कार में बैठाकर ले जाने लगे। इस बीच पवित्र कार से कूद गया। शोर होने पर लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी नासिर हुसैन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल की ओर भाग रहे आरोपियों को कार सहित दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया, दोनोें नशे की हालत में थे। थाना प्रभारी नासिर हुसैन ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। दोनों का मेडिकल कराया जा रहा है। परिजनों और आरोपियों के बीच समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया है।