सितारगंज। राइस मिलर के साथ चावल खरीद में धोखाधड़ी करने के मामले के एक आरोपी को पुलिस ने पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार कर लिया है।
एसआई अमित शर्मा ने बताया कि हरियाणा के बरबला, निर्वाणा की जयदुर्गा ट्रेडिंग कंपनी के मालिक बुद्धराम और उसके सहयोगी जींद (हरियाणा) निवासी रमेश कुमार ने 20 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक सितारगंज निवासी राइस मिलर रितेश गोयल से करीब 70 लाख रुपये का चावल खरीदा था, जिसका कुछ भुगतान कर दिया था, अभी 56 लाख रुपये बकाया है। आरोपी कंपनी बंद कर फरार हो गए थो। राइस मिलर ने 15 नवंबर को दोनों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। एसआई अमित शर्मा, एसआई धीरज वर्मा और एसओजी की संयुक्त टीम ने रमेश कुमार को मोहाली (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया।
एसआई अमित शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यूपी थाना सुनगढ़ी में भी धोखाधड़ी को लेकर 420 और 406 के तहत नामजद मुकदमे दर्ज हैं। रमेश को आईपीसी की धारा 420, 406 और 120 बी के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। धोखाधड़ी का मुख्य आरोपी बुद्धराम अभी फरार है।