रुद्रपुर। एनएच भूमि मुआवजा घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी ने जसपुर की फाइलों की छानबीन पूरी करने के बाद अब काशीपुर और बाजपुर के दस किसानों को नोटिस भेजे हैं। बृहस्पतिवार से एसआईटी उनसे पूछताछ शुरू कर देगी।
बहुचर्चित एनएच-74 घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी को एसएलओ कार्यालय से मिली फाइलों में कुछ ऐसे किसानों के नाम मिले थे जिन्हें उनकी जमीन के एवज में करोड़ों का मुआवजा मिला था। ऐसे किसानों के बैंक खातों की डिटेल निकालने के बाद यह सच सामने आया था कि कुछ किसानों ने मुआवजा मिलने के बाद उन्हें मिली मोटी रकम को तत्काल ठिकाने लगा दिया था या फिर किसी दूसरे के खाते में ट्रांसफर किया था।
पूर्व में जहां एसआईटी ने जसपुर तहसील के 22 किसानों को नोटिस भेजकर उनसे पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये वहीं अब जसपुर तहसील की फाइलों की जांच पूरी होने के बाद एसआईटी ने काशीपुर और बाजपुर तहसील के दस किसानों को नोटिस भेजे हैं। बृहस्पतिवार से एसआईटी नोटिस भेजे गये इन किसानों से पूछताछ शुरू करेगी।