दिनेशपुर क्षेत्र के ग्राम चरनपुर में दो बाइकों की भिड़ंत में एक फैक्ट्री कर्मी की मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक अशोका लीलेंड कंपनी में काम करता था।
जानकारी के अनुसार ग्राम श्याम नगर निवासी पपिंदर सिंह(30) पुत्र सतनाम सिंह बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे घर से बाइक पर सिडकुल स्थित अशोका लीलेंड फैक्ट्री जाने के लिए निकला था। रास्ते में ग्राम चरनपुर में सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। जोरदार भिड़त में पपिंदर सिंह और दूसरी बाइक पर सवार बंगाली कॉलोनी श्यामनगर दिनेशपुर निवासी शिवा मंडल पुत्र नानतु मंडल गंभीर रूप से घायल हो गये।
दुर्घटना की सूचना पर घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गये। गंभीर घायल पपिंदर को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल शिवा मंडल को दिनेशपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पपिंदर अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है। इधर, रुद्रपुर के खेड़ा में सांई मंदिर के पास बुधवार रात तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही खजूरिया निवासी लज्जावती पत्नी भगवान दास को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फोटो-04आरडीपी25पी। दिनेशपुर में हुए सड़क हादसे के मृतक पपिंदर सिंह का फाईल फोटो।