रुद्रपुर। मोबाइल पर महिलाओं को परेशान करने वाले अब महिला पुलिस कर्मियों के पीछे पड़ गए हैं। एक मनचले के फोन ने महिला पुलिस कर्मी के लिए परेशानी खड़ी कर दी है। जब उसे एक सिपाही ने समझाया तो उसने उसके साथ भी अभद्रता कर दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी का नंबर ट्रेस कर तलाश शुरू कर दी है।
रुद्रपुर कोतवाली में किसी भी काम से आने वाले लोगों को अपना नाम पता और आने का कारण थाने में रखे आगंतुक रजिस्टर में दर्ज कराना होता है। इस व्यवस्था के लिए कोतवाली में सिपाहियों की ड्यूटी लगा रखी है। ड्यूटी में तैनात एक महिला सिपाही को दो दिन से मोबाइल फोन पर अनजान शख्स परेशान कर रहा है।
कोतवाली पुलिस ने जब मनचले युवक से उसके फोन पर बात की तो युवक खुद को यूपी के नोएडा का रहने वाला बताया। जब युवक को महिला सिपाही के नंबर पर फोन न करने की चेतावनी दी गई तो उसने फोन करने वाले सिपाही के साथ ही अभद्रता कर दी। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आने पर पुलिस मनचले युवक की तलाश कर रही है। कोतवाल तुषार बोरा का कहना है मनचले के बारे में सुराग मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।