काशीपुर। एक व्यक्ति के अपहरण की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जानकारी लेने पर मामला दो वाहनों के बीच भिड़ंत को लेकर हुए विवाद का पाया गया। क्षतिग्रस्त कार की मरम्मत कराने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम पैगा निवासी योगेश कुमार पुत्र तेजपाल सिंह अपनी कार (यूके06/7310) लेकर काशीपुर की ओर आ रहा था। मुरादाबाद रोड पर डिजाइन सेंटर के पास उसने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी। इस दौरान पीछे से आ रही टाटा मैजिक (यूके18/2250) के चालक ने कार को टक्कर मार दी।
इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। कार चालक ने कार ठीक कराने के लिए मैजिक चालक जसपुर निवासी धर्मेंद्र को जबरन कार में बैठा लिया। मैजिक यूनियन के एक पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, तब तक कार वहां से निकल चुकी थी। इस पर यूनियन के एक पदाधिकारी ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को लाल रंग की पोलो कार से मैजिक चालक का अपहरण करने की सूचना दी। यह सूचना वायरलेस सेट पर प्रसारित होते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कटोराताल चौकी प्रभारी दिनेश बल्लभ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों से जानकारी ली, तो मामला दो वाहनों की टक्कर होने पर कार ठीक कराने को लेकर हुई कहासुनी का निकला। पुलिस ने मैजिक चालक के मोबाइल नंबर पर कॉल किया तो पता चला कि वह रामनगर रोड स्थित वर्कशाप पर कार ठीक करा रहा है। कार ठीक कराने पर विवाद निपट गया।