रुद्रपुर। सिडकुल की टाटा मोटर्स में हृदयगति रुकने से हुई ट्रेनी ऑपरेटर की मौत के मामले में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सहकर्मियों ने पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा काटा। मूलरूप से भिखारी रामपुर चौथार बाजार जिला भदोही यूपी निवासी संदीप कुमार विश्वकर्मा (24) टाटा मोटर्स कंपनी में ट्रेनी ऑपरेटर था। शनिवार सुबह काम करते समय अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया। उसे पहले निजी और फिर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के सहकर्मियों ने प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगातेे हुए हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप था कि संदीप का कंपनी के फार्मासिस्टों से उपचार कराया गया, एक घंटे बाद संदीप को निजी अस्पताल में उपचार को ले जाया गया था। कहा अगर संदीप को समय पर अस्पताल ले जाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी।
इस दौरान उनकी और कंपनी अधिकारियों की तकरार भी हुई। विधायक राजेश शुक्ला ने आक्रोशित कर्मियों को शांत किया और प्रबंधन को मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा देने को कहा। इसके बाद कंपनी अधिकारी और मृतक के परिजनों के बीच वार्ता के बाद सहमति बन गई। इसके बाद परिजन शव लेकर भदोही रवाना हो गए।