रुद्रपुर। एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने एनएचएआई देहरादून के पीडी और आरओ से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए। एक पखवाड़े पहले आरओ से पूछताछ कर उन्हें दोबारा नोटिस भेजा गया था। एनएचएआई नजीबाबाद के अधिकारियों से भी एसआईटी पूछताछ कर चुकी है।
बता दें कि एसआईटी के सामने कई ऐेसे मामले आए थे, जिनमें किसानों को उनकी जमीन की पिछली तिथियों में कराई गई 143 पर करोड़ों का मुआवजा दिया गया था। एनएच-74 में तत्कालीन अफसरों की ओर से किए गए मुआवजा निर्धारण में कई अनियमितताएं होने के बाद कुछ मामलों में एनएचएआई ऑर्बिटेशन में गई थी।
लेकिन, कई मामले ऐेसे भी थे, जिनमें न ही एनएचएआई आर्बिटेशन में गई और न ही उसकी ओर से कोई आपत्ति ही दर्ज की गई। इसके आधार पर एसआईटी ने एनएचएआई के अफसरों को भी पूछताछ के लिए अपनी रडार पर लिया। तहसीलवार भूमि मुआवजा घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने करीब एक माह पूर्व एनएचएआई नजीबाबाद के अधिकारियों से पूछताछ करने के बाद बृहस्पतिवार को एनएचएआई देहरादून के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गाबा साने और क्षेत्रीय प्रबंधक पीसी आर्या से भी भी पूछताछ की।
करीब चार घंटे तक चली पूछताछ में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते और एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय ने भी दोनों अधिकारियों से घोटाले से संबंधित कई महत्वपूर्ण सवाल किए। इसके अलावा सितारगंज तहसील की जांच के लिए एसआईटी 143 के दस्तावेजों में संदिग्ध मिले हस्ताक्षरों को मिलान के लिए देहरादून एफएसएल भेजने की भी तैयारी कर रही है।
एसआईटी की कार्रवाई से बचने के लिए भूमिगत हुए निलंबित पीसीएस अधिकारी एनएस नग्नयाल की धरपकड़ के लिए भी एसआईटी लगातार दबिश दे रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि नग्नयाल किसी अस्पताल में भर्ती होकर अपना इलाज करा रहे हैं, लेकिन किस अस्पताल में हैं, इसकी जानकारी किसी को नहीं है।
किसानों के खिलाफ हो सकती है 82 की कार्रवाई
रुद्रपुर। एसआईटी आरोपी बनाए गए 15 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। लेकिन, पिछली तिथियों में करोड़ों का मुआवजा लेने वाले आठ काश्तकार एसआईटी की कार्रवाई से बचने के लिए भूमिगत हो गए। भूमिगत हुए किसानों की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट गैर जमानती वारंट जारी किया था। किसानों की गिरफ्तारी न होने पर अब एसआईटी उनके खिलाफ 82 की कार्रवाई करने की तैयारी में है।
जसपुर के अनुसेवक ने दाखिल की जमानत अर्जी
रुद्रपुर। एनएच घोटाले में तीन माह पूर्व एसआईटी की ओर से गिरफ्तार किए गए जसपुर तहसील के अनुसेवक रामसमुझ ने नैनीताल हाइकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है। इससे पूर्व नैनीताल जिला कोर्ट ने रामसमुझ की जमानत याचिका को खारिज किया गया था।
फोटो। 18आरडीपी 16पी। रुद्रपुर में एनएचएआई देहरादून के अधिकारी से पूछताछ करती एसआईटी।