काशीपुर में दहेज में कार की मांग को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि पति ने तलाक दिए बगैर ही दूसरी शादी रचा ली। विरोध करने पर पति ने महिला से मारपीट कर बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रम्पुरा निवासी एक विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 20 फरवरी 2008 को ग्राम जगतपुर निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के समय उसके मायके वालों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार काफी दान किया। लेकिन ससुराली दहेज में कार की मांग करने लगे। इसी बीच उसने दो बच्चों को जन्म दिया। उसके बाद भी ससुरालियों के व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। 10 जनवरी 2019 को ससुरालियों ने उसे और दोनों बच्चों को मारपीट कर घर से निकाल दिया। उन्होंने दहेज की मांग पूरी न करने पर विवाहिता के पति की दूसरी शादी करने की धमकी दी। कहा कि 18 अप्रैल 2019 को वह अपने दोनों बच्चों को लेकर ससुराल गई तो पता चला कि पति ने बिना तलाक दिए 14 अप्रैल 2019 को एक युवती से दूसरी शादी कर ली है। विरोध करने पर पति और ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले को काउंसिलिंग के लिए महिला हेल्पलाइन को सौंपा है।