रुद्रपुर। तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज में वनकर्मियों को तमंचा दिखाकर धमकाने के आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गिरफ्तारी के डर से आरोपी मोबाइल बंद कर भूमिगत हो गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है।
गौरतलब है कि टांडा रेंज के वनकर्मियों ने 23 अगस्त को बाइक में तस्करी कर चंदन की लकड़ी ला रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। लेकिन उसका साथी बिंदुखेड़ा निवासी प्रीतम सिंह फरार हो गया था। 28 अगस्त को आरोपी विभाग की पत्थरचट्टा द्वितीय वन चौकी पर आ धमका था। उसने गेटकीपर राजेंद्र प्रसाद पांडे का कॉलर पकड़ा और सिर पर तमंचा सटाकर गोली मारने की धमकी दी। लकड़ी तस्करी रोकने पर देखने की धमकी देकर फरार हो गया थ।
मामले में वन दरोगा दीवान सिंह रौतेला ने प्रीतम के खिलाफ सिडकुल चौकी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से वनकर्मियों में भी रोष पनप रहा है। वन दरोगा के मुताबिक आरोपी के खिलाफ लकड़ी तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वह आपराधिक प्रवृत्ति का है।
इधर पंतनगर, एसओ संजय पाठक ने बताया कि आरोपी प्रीतम की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कई बार दबिशें देने के बाद भी वह हत्थे नहीं चढ़ सका है। कोर्ट से आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट ले लिया है। अगर वह पकड़ में नहीं आता है तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।