दिनेशपुर। रक्षाबंधन पर परिजनों के साथ बाहर गए किसान के घर पर चोरों ने सेंध लगा दी। चोर लाखों की नगदी और जेवरात चुरा ले गए। किसान ने थाने में तहरीर देकर अपने सगे भाइयों पर चोरी का शक जताया है। मामले में बुधवार की शाम फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने भी मौका मुआयना कर साक्ष्य जुटाए।
हरिदासपुर निवासी रामसिंह पुत्र हुकुम सिंह ने थाने में दी तहरीर में कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर वह परजिनों के साथ नोएडा स्थित अपने पुत्र के घर गए थे। मंगलवार की रात जब लौटे तो घर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का दरवाजा भी टूटा हुआ था।
अलमारी में रखा आठ तोला सोने के जेवरात, एक किलो चांदी के जेवरात, 2.30 लाख की नगदी, अन्य घरेलू सामान के अलावा जमीनी मुकदमे के कागजात गायब थे। उसने अपने सगे सात भाई भतीजों को नामजद करते हुए उन पर चोरी का शक जताया है। सूचना पर पुलिस ने आज मौका मुआयना किया।
शाम को रुद्रपुर से संजय जोशी के नेतृत्व में आई फोरेेंसिक एक्सपर्ट की टीम साक्ष्य एकत्र किए। इस मामले में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर डीआर वर्मा का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है। एक्सपर्ट की सहायता से घटना की गहनता से जांच की जा रही है।