शनिवार सुबह सिडकुल स्थित उद्योग में ड्यूटी के लिए सूखी नदी पार कर जाते समय साइकिल सहित बहे उद्योग कर्मी का शव घटना के 27 घंटे बाद करीब दस किमी दूर जलपनिया नाले में मिला।
नाले में मछली मारने गए ग्रामीणों ने शव को देख पुलिस को सूचना दी। मृतक के भाई ने शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
इससे पहले सुबह ग्रामीणों ने नदी से साइकिल और खाने का टिफिन बरामद किया था। गोविंदनगर निवासी गौतम राय (38) पुत्र विजय राय शनिवार की सुबह सात बजे साइकिल से सिडकुल स्थित हैंज फैक्ट्री जा रहा था।
तभी सूखी नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया था। ग्रामीणों के साथ ही पुलिस ने तैराक, गोताखोरों के साथ नदी में राफ्ट, नाव उतार कर रेस्क्यू अभियान चलाया था।
दिनभर अभियान चलाने के बावजूद कामयाबी नहीं मिली। खोजबीन में जुटे ग्रामीणों को रविवार सुबह करीब नौ बजे घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर दूर भक्तिनगर के पास नदी किनारे झाड़ियों में गौतम की साइकिल, टिफिन फंसा हुआ मिला।
इधर, झाड़ी गांव के पास जलपनियां नाले में मछली मारने गए ग्रामीणों ने नाले किनारे एक शव को फंसा देख चौकी पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी केजी मठपाल के साथ मौके पर गए गौतम के बड़े भाई अमरेश ने शव की शिनाख्त भाई के रूप में की।
एसडीएम सीएस इमलाल, तहसीलदार आरसी गौतम, थानाध्यक्ष पीके राणा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के सिर, नाक से खून बहने के निशान पाए जाने पर पुलिस ने पेड़, पत्थरों से टकराने की आशंका जताई है।