काशीपुर। किशोरी को बहलाकर भगा ले जाने के मामले में तीन वर्ष से फरार चल रहे इनामी आरोपी को आईटीआई थाना पुलिस ने जोया (अमरोहा) से गिरफ्तार कर लिया। भगाई गई किशोरी से वर्तमान में उसके दो बच्चे हैं।
यूपी के ग्राम बरसौरा थाना आदमपुर जनपद जेपीनगर निवासी गोपाल 26 अगस्त 2015 को क्षेत्र निवासी एक किशोरी को बहलाकर भगा ले गया था। मामले में किशोरी के पिता ने 23 सितंबर को आरोपी गोपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने वर्ष 2016 में न्यायालय के आदेश पर उसकी संपत्ति कुर्क कर ली थी।
इसके बाद वर्ष 2017 में एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर पंद्रह सौ का इनाम घोषित किया था। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर आईटीआई थाने के एसआई कैलाश चंद्र, कांस्टेबल नीरज कुमार व विनय कुमार ने जोया से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह ट्रक का चालक है और यहां से भागने के बाद अलवर (राजस्थान) चला गया था। वहां उन्होंने एक मंदिर में शादी कर ली थी। उसकी पत्नी और दो बच्चे गांव में ही रहते हैं।