रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप निवासी एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर उसकी नाबालिग बेटी को बहला फुसलाकर भगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर के आधार पर पुलिस नाबालिग की तलाश में जुट गई है। पुलिस को सौंपी तहरीर में ट्रांजिट कैंप स्थित शिवनगर निवासी ओम शंकर पुत्र रोशन लाल का कहना है कि बीती 17 जून को उसकी 17 वर्षीय बेटी किसी काम से बाजार गई थी। लेकिन देर शाम तक भी बेटी घर नहीं लौटी।
आसपास के क्षेत्रों मे तलाश करने के साथ ही उसने रिश्तेदारी में बेटी के बारे में पूछताछ की लेकिन बेटी का कोई सुराग नहीं मिला। दो दिन बाद क्षेत्र के ही कुछ लोगों ने बताया कि उसकी बेटी को पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ जाते देखा गया। जिस पर ओम शंकर का कहना है पड़ोसी उसकी बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। ओम शंकर के अनुसार उसकी बेटी अपने साथ घर में रखी 15 हजार की नगदी के साथ ही सोने और चांदी के जेवर भी ले गई है। फिलहाल पुलिस ओम शंकर की तहरीर के आधार पर नाबालिग की तलाश में जुट गई है।
भगाने वाले पर हो कार्रवाई
नाबालिग लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपाइयों और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के लोगों ने एसएसपी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ओम शंकर ने कहा लड़की अपने साथ घर से पंद्रह हजार की नगदी और जेवर भी ले गई है।