सितारगंज। क्षेत्र के शक्तिफार्म में सड़क निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे लोनिवि कर्मी के साथ ग्रामीण युवक व उसके दो अन्य साथियों ने मारपीट कर दी थी। कर्मी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर युवक को न्यायालय में पेशकर उसे जेल भेज दिया था।
रविवार को शक्तिफार्म पहुंचे कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक नारायण पाल से मामले में क्षेत्र के लोगों ने बातचीत की। ग्रामीणों का कहना था कि युवकों से माफी मंगवाकर मामले को निपटाया जा सकता था लेकिन कार्रवाई होने के बाद मामला बिगड़ गया। नारायण पाल ने बताया कि इस पूरे प्रकरण को लेकर वह डीएम व एसएसपी से मुलाकात करेंगे। बता दें कि बीती 14 मार्च की शाम को भक्तिनगर निवासी संजीत मंडल पुत्र अमल मंडल ने अपने दो अन्य साथियों के साथ सड़क निर्माण स्थल पर पहुंचा। उन्होंने घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाते हुए वहां मौजूद लोनिवि कर्मी के साथ गाली गलौज कर मारपीट की। पीड़ित पूरनलाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।