रुद्रपुर। बीस किलो गांजे के साथ कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है जबकि गांजे को खरीदने वाला दुकानदार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़ा गया युवक कोलकाता से गांजे की सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
बृहस्पतिवार दोपहर कोतवाली पुलिस को भूरारानी क्षेत्र में एक युवक द्वारा गांजे की खेप लाने की सूचना मिली थी। सूचना पर क्षेत्र में दबिश देने को पहुंची पुलिस ने भूरारानी रोड पर स्थित एक चाय की दुकान के पास कट्टा लेकर खड़े एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली। तलाशी में युवक के कट्टे से पुलिस को करीब बीस किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम भूरारानी निवासी मुन्ना कुमार सैनी पुत्र डोरिया कुमार सैनी बताया है। वह मूलरूप से कोलकाता के मटियापुर का रहने वाला है और वहीं से गांजे की खेप लाकर भूरारानी में चाय की दुकान चलाने वाले राकेश कुमार को गांजे की सप्लाई देता था।
इससे पहले भी वह कई बार गांजे की खेप शहर में ला चुका है। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि मुन्ना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। चाय विक्रेता राकेश की धरपकड़ के लिए भी पुलिस टीम को लगाया गया है।