काशीपुर में युवाओं में नशे की लत बढ़ती जा रही है। पुलिस ने मंगलवार प्राइवेट बस अड्डे में छापा मारकर नशे का इंजेक्शन लगाते हुए 17 युवाओं को पकड़ा। बाद में पुलिस ने इन नशेड़ियों को उनके परिजनों को सौंप दिया।
मंगलवार की रात बांसफोडान चौकी प्रभारी जसविंदर सिंह ने रात्रि गश्त के दौरान जसपुर प्राइवेट बस अड्डे के पास से 17 युवकों को नशे के इंजेक्शन लगाते हुए पकड़ा। पकड़े गये नशेड़ियों में कुछ स्कूली छात्र भी थे। सभी ने नशे के इंजेक्शन लगाये हुए थे। पुलिस ने बुधवार को युवकों को चेतावनी देकर उनके परिजनों को सौंप दिया। एक नशेड़ी युवक की मां ने कहा कि उसके बेटे को न जाने कब नशे का इंजेक्शन लगाने की लत पड़ी।
नशा छुड़ाने के लिए प्राइवेट व सरकारी केन्द्र पर भेजा। कोई असर नही पड़ रहा है। वह जितना कमाता है उसके इंजेक्शन लगाकर गंवा देता है। एक नशेडी युवक के हाथ में ब्लेड से कटने के निशान थे। उसकी मां ने बताया कि रुपये न देने पर वह डराने के लिए अपने हाथ की नस काट लेता है। एक के परिजन ने बताया कि नशे के लिए रुपये न देने पर उनका बेटा घर के बर्तन बेच देता है।
नशा करने वालों में दस बारह साल के बच्चे स्कूल पढ़ने वाले छात्र तक है। पुलिस के मुताबिक, विजयनगर, नई बस्ती, नागनाथ मंदिर के निकट, गंगेबाबा रोड, थाना साबिक, अल्ली खां, काली बस्ती, लक्ष्मीपुर पट्टी, ढेला बस्ती, टांडा उज्जैन, फसियापुरा, गड्ढ़ा कालोनी में इन दिनों स्मैक , नशे के इंजेक्शन, चरस धड़ल्ले से बिक रहे हैं। मेडिकल स्टोरों पर धड़ल्ले से नशे के इंजेक्शन और कैप्सूल बिक रहे हैं। कम उम्र के बच्चों में स्मैक का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। तीस रुपये की पुड़िया खरीदकर बच्चे नशा कर रहे हैं। छह माह के भीतर ही बड़ी मात्रा में नशे के इंजेक्शन व स्मैक, चरस की खेप पकड़ी जा चुकी है।
नशेड़ी रिश्तेदार की चप्पलों से पिटाई
एक महिला ने अपने नशेड़ी रिश्तेदार युवक को चप्पलों से पिटाई लगा दी। पुलिस ने एक युवक को नशे की हालत में पकड़कर कोतवाली ले आयी थी। महिला को जब पता चला कि पुलिस उसके नशेड़ी रिश्तेदार को लेकर आई है, तो महिला ने कोतवाली में रिश्तेदार युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी।
नशे की लत चिंता का विषय- एएसपी
एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि युवाओं में नशे की प्रवृति बढना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाएगी।