काशीपुर। ठाकुरद्वारा मुख्य बाजार निवासी रवि चौधरी पुत्र राजेंद्र पाल यहां माता मंदिर रोड पर एक मोबाइल विक्रेता की दुकान पर काम करता है। पुलिस को सौंपी तहरीर में उसने बताया कि 26 मार्च रात वह दुकान बंद कर लौट रहा था। कुंदन स्वीट्स के पास वह एक ठेले पर आइसक्रीम खाने के लिए रुका।
इस दौरान उसने 50 हजार की नकदी से भरा बैग पास खड़ी मोटर साइकिल में रख दिया। कुछ देर बाद वह जाने लगा तो बाइक और बैग दोनों वहां नहीं थे। पूछताछ पर वहां मौजूद लोगों ने एक फल विक्रेता को बैग उठाते देखने की बात कही।
रवि की शिकायत पर पुलिस ने फल विक्रेता से पूछताछ की। उसने बताया कि एक बैग मोटरसाइकिल से गिरा था, जिसे उसने बाइक सवार को थमा दिया था। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर बाइक सवार वापस लौटते तो दिखाई दे रहा है, लेकिन फल विक्रेता द्वारा उसे बैग दिए जाने की पुष्टि नहीं हो पा रही है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।