रुद्रपुर। महेशपुर गांव में संदिग्ध युवक-युवती को कमरा देने वाले आरोपी मकान स्वामी को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मकान स्वामी के पास नौ अवैध कारतूस मिलने पर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
बीते बुधवार को महेशपुर के कुछ ग्रामीणों ने क्षेत्र में रहने वाले जसपाल सिंह को संदिग्ध युवक युवती को घर में लाते देखा। कुछ देर बाद ही जसपाल युवक-युवती को अपने घर में बंद कर जब जा रहा था तो मामला संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दे दी थी।
इस पर पुलिस ने जसपाल को मौके पर बुलाकर मकान का ताला खुलवाया और युवक-युवती को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। जसपाल की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से 32 बोर के नौ कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने जसपाल सिंह निवासी महेशपुर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।
भूल-सुधार
अमर उजाला में शुक्रवार 31 अगस्त के अंक में ‘युवक-युवती को कमरा देने वाले पर केस’ शीर्षक से पेज 3 पर प्रकाशित खबर में आरोपी का नाम जसपाल की जगह भूलवश विजय बाटला प्रकाशित हो गया था। इस मामले से विजय बाटला का कोई लेनादेना नहीं है। इस खबर से विजय बाटला को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। - संपादक