रुद्रपुर में गंगापुर रोड स्थित सर्वेश्वरी एन्क्लेव में महिला की हत्या के बाद हुई डकैती के मामले में पुलिस को कुछ डकैतों की लोकेशन यूपी के सहारनपुर में मिलने के बाद पुलिस ने सहारनपुर के चिलकाना से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि संदिग्ध युवक से पूछताछ के बाद पुलिस को डकैतों के बारे में और अहम सुराग मिल सकते हैं। साथ ही दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में भी पुलिस की दबिश जारी है।
बता दें कि 22 मई को गंगापुर रोड स्थित सर्वेश्वरी एन्क्लेव में महिला की हत्या और फिर डकैती के मामले में पुलिस को घटना में छैमार गिरोह के जुड़े होने के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने छैमार गिरोह के लोगों की छानबीन शुरू की थी। कुछ दिन पूर्व छैमारों का लोकल कनेक्शन मिलने के बाद पुलिस ने डकैतों को चिन्हित कर लिया, लेकिन गिरोह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। कुछ दिन पूर्व मुरादाबाद पुलिस से छैमार गिरोह की कुछ डिटेल लेने के बाद पुलिस को यूपी के सहारनपुर में कुछ डकैतों की लोकेशन मिली थी। यहां भी डकैत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। फिलहाल सहारनपुर में डटी पुलिस की एक टीम ने मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर चिलकाना से एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि पूछताछ के बाद पुलिस को डकैतों के बारे में कुछ और अहम सुराग मिल सकते हैं। डकैतों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन टीमें, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में भी लगातार दबिश दे रही हैं।