जसपुर। लोनिवि के अधिकारियों ने ईदगाह परिसर में सही तरीके से कार्य नहीं होने के बावजूद पालिका द्वारा ठेकेदार को 35 लाख का भुगतान करने की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली में तैनात एसआई जसवंत सिंह ने ईई लोक निर्माण विभाग काशीपुर को भेजे पत्र में कहा था कि मोहल्ला भूपसिंह निवासी मेहंदी हसन पुत्र नन्हें खां ने न्यायालय सिविल जज काशीपुर की अदालत में एक मुकदमा दायर किया था। कहा कि नगर पालिका द्वारा वर्ष 2015-16 में ईदगाह परिसर में सीसी टाइल बिछाने का तीस लाख का टेंडर जारी किया गया था।
ठेकेदार ने टाइल बिछाने का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया। इसके बावजूद नगर पालिका कार्यालय ने ठेकेदार को तीस लाख रुपये की जगह 35 लाख रुपये का भुगतान किया है। बुधवार को लोक निर्माण विभाग काशीपुर के असिस्टेंट इंजीनियर हिमांशु भट्ट और अवर अभियंता आरएस मेहरा ने ईदगाह पहुंचकर परिसर की नाप कर जांच शुरू की।
एई हिमांशु भट्ट ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय से माप पुस्तिका और अन्य अभिलेख मांगे गए हैं। बृहस्पतिवार को वह अपनी जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंपेंगे।