अस्पताल आए मरीज का एक युवक ने पर्स उड़ा लिया। इसका पता चलते ही उसने दौड़कर युवक को पकड़ लिया और चप्पल से धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
शनिवार को एक व्यक्ति सरकारी अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने आया था। वह भीड़ में खड़ा था तभी एक चोर ने उसकी जेब से पर्स निकालने का प्रयास किया। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसे ऐसा करते देख लिया और जिस व्यक्ति का पर्स था उसे बता दिया। पर्स निकालने की बात सुनते ही भाग रहे चोर को उक्त व्यक्ति ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पीटाई लगानी शुरू कर दी। शोर-शराबा होने पर अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और अन्य लोग बाहर निकल गए।
मरीज ओपीडी से लेकर इमरजेंसी कक्ष तक युवक को चप्पलों से पीटता हुआ ले गया और वहां मौजूद पुलिस कर्मियों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस उसे पकड़कर चौकी ले गई।
यहां बता दें कि अस्पताल में सीसीटीवी लगे होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन चोरी की घटनाओं को रोक नहीं पा रहा है। इससे आए दिन लोगों के पर्स और वाहन चोरी हो रहे हैं। इतना ही नहीं यह अस्पताल में चोरी की पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पूर्व भी कई बार अस्पताल में चोरियां हो चुकी हैं।