रुद्रपुर में चक्की से साइकिल पर आटा ला रहे एक ठेला व्यवसायी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। कार चालक ठेली व्यवसायी का शव जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। मृतक मूल रूप से बागेश्वर जिले का रहने वाला था।
यूपी सीमा से सटी शारदा कालोनी निवासी रमेश सेमवाल (40) पुत्र हरिदत्त सेमवाल रविवार शाम गदरपुर रोड स्थित आटा चक्की से गेहूं पिसाकर लौट रहा था। तभी सामिया कालोनी के निकट पीछे से आ रही एक फार्च्यूनर कार ने साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। ऐसी आशंका है कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी। आरोपी कार चालक उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से जानकारी जुटाई। जिला अस्पताल में पति का शव देख उसकी पत्नी शांति सेमवाल बेसुध हो गई। उसके दो बच्चे हैं। वह रुद्रपुर में ठेली लगाकर परिवार की गुजर-बसर करता था।