काशीपुर। मोहल्ला खालसा में स्व. रफीक अहमद के दो मकान है। उनके बड़े पुत्र मो. अहमद की विधवा नजमा अपने बच्चों के साथ एक मकान में रहती है। जबकि तीन पुत्रों अहमद नबी, मो. नबी और मो. सलीम के परिवार दूसरे मकान में रहते है।
बृहस्पतिवार को दोनों मकानों में हिस्से को लेकर नजमा और उसके देवर मो. नबी के बीच कहासुनी हो गई और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को चौकी ले आई। नजमा का कहना है कि उसने अपने हिस्से के मकान के लिए 40 वर्ष पूर्व अपने ससुर को दस हजार रुपये दिए थे और ससुर ने उनके नाम मकान की वसीयत की थी। तीन वर्ष पूर्व मकान का दाखिल खारिज भी उसके नाम हो चुका है।
ससुर ने दूसरे मकान में उसे हिस्सा न देने की बात भी कही थी। जबकि उसके देवर का आरोप है कि उनके पिता ने मकान को लेकर कोई वसीयत नहीं की। उसने अपनी भाभी पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया। इस बीच दोनों पक्षों में चौकी में हाथापाई हो गई। एसआई संजीत कुमार ने दोनों पक्षों के दो लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरूद्ध पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।