मुख्य बाजार निवासी व्यापारी के खाते से 1.10 लाख की नगदी चेक के जरिए निकाल दी गई। इससे भड़के दर्जनों व्यापारी बैंक पहुंच गए और हंगामा काटा। उनका कहना था कि रुपये निकालने वाले का वीडियो फुटेज दिखाया जाए। जिस पर बैंक प्रबंधक ने सोमवार को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए जाने के आश्वासन पर व्यापारी शांत हुए।
मुख्य बाजार मनिहारी गली निवासी गौरव राज देव का सेंट्रल बैंक में खाता है। शनिवार की दोपहर उसके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके एकाउंट से 1.10 लाख की नगदी निकाल दी गई है। इसका पता चलते ही गौरव के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन फानन में गौरव अन्य व्यापारियों के साथ बैंक पहुंचा और हंगामा काटा।
इस दौरान बैंक में कर्मियों ने जांच की तो पता चला कि दीपक नाम से गौरव के एकाउंट से 1.10 लाख की नगदी चेक के जरिए निकाली गई है। जबकि व्यापारी गौरव का कहना था कि उन्होंने इस तरह का कोई चेक जारी ही नहीं किया है। चेक पास करने से पहले बैंक को एक बार उन्हें जानकारी देनी चाहिए थी।
व्यापारी नेता संजय जुनेजा ने चेक के जरिये रुपये निकालने वाले की पहचान को सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा। जिस पर बैंक के अधिकारियों ने कहा कि शनिवार की वजह से वे लोग सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध नहीं करा सकते।
सोमवार को उन्हें सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करा दी जाएगी। इस पर व्यापारी शांत हुए। इधर व्यापारी गौरव ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस जांच कर रही है।