संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई, उसके सिर पर चोट के निशान हैं। इससे परिजन उसकी बाइक लूटकर हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस इसे महज एक सड़क हादसा बता रही है। पुलिस हादसे के बाद बाइक चोरी की संभावना जता रही है।
फिलहाल पुलिस को मौत के सही कारणों को जानने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही पता चलेगा कि हत्या हुई थी या फिर सड़क हादसा। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से थाना बरजीनिया, जिला सीतामढ़ी, बिहार के ग्राम सोनाखान निवासी सोनू पटेल (22) पुत्र गुड्डू सिडकुल की रामा प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता था।
वह फैक्ट्री परिसर में ही अन्य साथियों के साथ रहता था। शुक्रवार की रात नौ बजे सोनू अपने एक साथी की नई बाइक मांगकर कुछ सामान लेने बाजार गया था, लेकिन देर रात तक वह नहीं पहुंचा। इस पर सोनू के साथ फैक्ट्री में ही काम करने वाले उसके साले अनिल ने उसे कॉल किया तो कोई जवाब नहीं मिला।
इधर पुलिस के मुताबिक सिडकुल की बजाज फैक्ट्री के पास एक युवक का सड़क किनारे शव पड़ा था। सूचना पर वहां पहुंचे चौकी इंचार्ज सिडकुल एमपी सिंह ने जानकारी ली। मृतक के सिर पर चोट के निशान भी मिले। साथ ही उसके पास मिले मोबाइल पर आए मिस कॉल पर कॉल करने के बाद उसकी शिनाख्त सोनू के रूप में हुई।
सोनू की लाश मिलने की सूचना पर उसका साला अनिल अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। इस दौरान उनका आरोप था कि बदमाशों ने सोनू से बाइक लूटकर उसकी हत्या की है। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस सोनू के सिर पर मिले चोट के निशान देखकर सड़क हादसे में मौत की आशंका जता रही है, जबकि उसके रिश्तेदार इसे हत्या बता रहे हैं।
रिश्तेदारों के मुताबिक सोनू बाइक से बाजार गया था, अगर यह सड़क हादसा होता तो बाइक मौके पर ही होती। आरोप है कि सोनू की बाइक लूटकर हत्या की गई है। हत्यारों ने उसके हाथ से चांदी की ब्रेसलेट भी लूटी है।