पंतनगर में चोरी के बाद घर में बिखरा सामान।
- फोटो : RUDRAPUR
पंतनगर। बीती रात पंतनगर विवि परिसर में तकनीकी प्रबंधक के घर में कोई नहीं था। इसका फायदा उठाते हुए मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने पूरा घर खंगाल दिया। छोटी मार्केट के निकट मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना से सुरक्षा व पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे सुरक्षा व पुलिस कर्मियों ने मौके का जायजा लिया। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि चोर कितना सामान और नकदी ले गए हैं।
अमेठी (यूपी) निवासी आरके सिंह विवि फार्म में तकनीकी प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं और परिसर के छोटी मार्केट के निकट 5/1311 नंबर आवास में रहते हैं। उनकी पत्नी डॉ. अनुपमा सिंह प्रतिनियुक्ति पर नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर फूड टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योर मैनेजमेंट सोनीपत (हरियाणा) में डीन पीजीएस के पद पर कार्यरत हैं और दो बेटे बाहर पढ़ाई कर रहे हैं। आरके सिंह घर में अकेले ही रहते हैं और बुधवार को वह इलाज के लिए अवकाश लेकर अपने पैतृक घर गए हुए थे। इसका फायदा उठाकर चोरों ने रात में उनके घर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर पूरा घर खंगाल दिया।
चोरों ने नकदी व जेवर की तलाश में बेड, पूजा घर व चार अलमारियों को खोलकर सामान बिखेर दिया। सुबह घर में सफाई करने पहुंचे हेल्पर ने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखकर गृह स्वामी को सूचना दी। आरके सिंह ने दूरभाष पर बताया कि वह घर में नकदी व जेवर आदि रखते ही नहीं हैं। मंदिर में चांदी के सात-आठ सिक्के रखे थे। इसके अलावा चोर क्या ले गए हैं, यह वापस लौटकर देखने पर ही पता चलेगा। उन्होंने शंका जताई की कि इस काम में उनके किसी परिचित का ही हाथ हो सकता है।
पंतनगर में चोरी के बाद दरवाजे में लटका टूटा ताला।- फोटो : RUDRAPUR