बाजपुर। विदेशी नंबरों से अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर कबड्डी, खनन कारोबारी से दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। इससे गांव में खलबली मची है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
गांव फौजी कॉलोनी निवासी कबड्डी खिलाड़ी हरजिंदर सिंह उर्फ मोनू संधू ने रविवार को कोतवाली में तहरीर देकर फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति पर दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। मोनू संधू खनन का कारोबारी भी है। रविवार को पीड़ित ने अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचा। कोतवाल नरेश चौहान से मुलाकात की और तहरीर सौंपी। पीड़ित ने बताया कि बीते 22 नवंबर को उसके मोबाइल पर अज्ञात विदेशी नंबरों से किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था। मोबाइल पर बातचीत करने वाले आरोपी ने सितारगंज निवासी एक युवक को दो लाख रुपये देने की बात कही। रकम नहीं देने पर जाने से मारने की धमकी दी है।
पीड़ित ने बताया कि फोन पर मांगी फिरौती मांगने वाले अज्ञात व्यक्ति ने सितारगंज निवासी जिस युवक को रकम पहुंचाने के लिए कहा गया है, उस युवक पर कई मुकदमे और गैंगस्टर लगी है। रंगदारी की धमकी मिलने से मोनू संधू का परिवार भी डर में है। एसपी अभय सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।