शहर में सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) मंगलवार को लांच कर दी गई। स्पोर्ट्स स्टेडियम में डेमो के बाद आईजी (कुमाऊं) पूरन सिंह रावत, एसएसपी डॉ. सदानंद दाते और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर सीपीयू को ड्यूटी के लिए रवाना किया।
आईजी ने बताया देहरादून के बाद कुमाऊं में हल्द्वानी, अल्मोड़ा और रुद्रपुर के बाद काशीपुर में यह पांचवीं यूनिट है। जहां-जहां सीपीयू तैनात हुई है, वहां सड़क हादसों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगा है। पिछले वर्ष ऊधमसिंह नगर में सड़क हादसों में 270 लोगों की मौत हुई थी। सीपीयू की तैनाती के बाद हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगा है।
सीपीयू के आने के बाद 95 प्रतिशत दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का इस्तेमाल करने लगे हैं। एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने सीपीयू यूनिट के लिए साजो सामान उपलब्ध कराने में सहयोग करने वालों का आभार जताया। कहा कि अगर यह सहयोग नहीं मिल पाता तो काशीपुर में सीपीयू लांच होने में एक वर्ष की देरी हो सकती थी। संचालन उपनिरीक्षक ललिता शर्मा ने किया।
समारोह में पुलिस अधिकारियों के साथ जसपुर विधायक आदेश चौहान ने सीपीयू को हरी झंडी दिखाकर ड्यूटी के लिए रवाना किया। वहां संयुक्त मजिस्ट्रेट विनीत तोमर, एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र सीओ राजेश भट्ट, कोतवाल चंचल शर्मा, एआरटीओ अनीता चंद, पूर्व सांसद केसी सिंह बाबा, निवर्तमान महापौर ऊषा चौधरी, संदीप सहगल, अश्वनी छाबड़ा, डीपी जुयाल, हसीन खान, मुक्ता सिंह, इंदूमान, शैलेंद्र मिश्रा, शमशुद्दीन, आईजीएल के मधुप मिश्रा, आरसी उपाध्याय, शफीक अंसारी, अलका पाल आदि थे।
सीपीयू लांचिग में इन लोगों ने किया सहयोग
काशीपुर। काशीपुर में सीपीयू के लिए पांच हॉक मोबाइल, एक जंबो मोबाइल और अन्य साजो सामान जुटाने में सहयोग करने वालों में आईजीएल के अलावा प्रमुख उद्यमी योगेश जिंदल, देवेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, संजय लखोटिया, विकास जैन, विनीत संगल, एसके मिश्रा, सोहन सिंह, अतुल असावा, डॉ. गुरपाल सहोता, डॉ. रवि सहोता, दीपक बाली, संतोष श्रीवास्तव, एमपी सिंह, हसन नूरी आदि शामिल हैं। आईजी पूरन सिंह रावत ने सभी को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया।
‘एमबी एक्ट का पालन कराना सीपीयू का मुख्य उद्देश्य’
काशीपुर। आईजी (कुमाऊं) पूरन सिंह रावत ने कहा कि सीपीयू का मुख्य उद्देश्य एमबी एक्ट का पालन कराना और सड़क हादसों पर अंकुश लगाना है। उन्होंने काशीपुर कोतवाली में सामुदायिक सहयोग से निर्मित महिला हेल्प लाइन, उपनिरीक्षक कक्ष, सभागार, मालखाने व शौचालयों का लोकार्पण किया।
कोतवाली में पत्रकारों से वार्ता में आईजी ने कहा कि उत्तराखंड में सीपीयू कर्मियों को ट्रेनिंग के लिए कई प्रदेशों से फीडबैक लिया गया। यहां की टीम को बंगलूरू की सीपीयू की तर्ज पर प्रशिक्षण दिया गया है। काशीपुर टीम में चंपावत और पिथौरागढ़ के तेजतर्रार पुलिस कर्मियों को शामिल किया गया है। सीपीयू सीमित अवधि में निश्चित क्षेत्र को कवर करती है।
उनका प्रयास रहेगा कि कम मैन पावर में भी यातायात व्यवस्थित करने को लेकर बेहतर रिजल्ट आए। उन्होंने बताया कि ऊधमसिंह नगर में करीब डेढ़ सौ किमी का हाईवे है। हाईवे पर पेट्रोलिंग के लिए मुख्यालय से दो यूनिट मिली हैं। आईजी ने कहा कि आपराधिक वारदातें रोकने के लिए लोगों को सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।