काशीपुर हेमपुर इस्माइल निर्माण कार्य का लोकार्पण करते यशपाल आर्य। संवाद
काशीपुर। हेमपुर इस्माइल वासियों को आगामी बरसात के सितम से निजात मिलने की आस जगी है। इसके लिए बहला नदी पर करीब 32 लाख की लागत से पुलिया और सड़क का निर्माण होगा। जुलाई 2023 में मूसलाधार बारिश के कारण बहला नदी के उफनाने पर बाजपुर रोड वार्ड नंबर 6 के हेमपुर इस्माइल हिम्मतपुर में बाढ़ आ गई थी। एसडीआरएफ की टीम ने समय से पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों को रेस्क्यू किया था। प्रभावितों को डिग्री कॉलेज व सरकारी स्कूल में ठहराया था। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों का हाल जाना था। प्रभावितों ने उनसे नदी किनारे की क्षतिग्रस्त सड़क बनाने और नदी पर पुलिया बनाने की मांग की थी। जिससे उन्हें आगामी बाढ़ से निजात मिल सके। दोनों कार्यों के लिए धनराशि मंजूर हो गई है। मंगलवार को हेमपुर इस्माइल हिम्मतपुर में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने दोनों कार्यों का शिलान्यास किया। वहां पर निवर्तमान पार्षद एलम सिंह, दीपक कांडपाल, होशियार सिंह, इंदुमान, राकेश लखेड़ा, ज्ञान सिंह, प्रेम प्रकाश शर्मा, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
32 लाख से होंगे निर्माण कार्य
काशीुपर। जेई नफीस ने बताया कि लोनिवि जिला योजना के तहत होली चौक से ज्ञान सिंह के घर की ओर से करीब 24 लाख की लागत से 350 मीटर सड़क का निर्माण करेगा। सहायक अभियंता मदनमोहन ने बताया कि ग्रामीण निर्माण विभाग विधायक निधि से करीब 8.72 लाख की लागत से होली चौक के पास पुलिया निर्माण होगा।