काशीपुर। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के सदस्यों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम को काशीपुर में कराने का आश्वासन दिया है। महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में सभा के सदस्य खटीमा में सीएम से मुलाकात करने के लिए पहुंचे थे।
बृहस्पतिवार शाम खटीमा के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में महापौर बाली के नेतृत्व में उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पदाधिकारी व सदस्यों ने सीएम धामी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 14 अगस्त को राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को काशीपुर में आयोजित करने के लिए आश्वासन दिया है।
उत्तरांचल पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि महापौर के प्रयासों से यह सम्मान काशीपुर को प्राप्त होने की संभावना है। इससे हम सबको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से घोषित इस ऐतिहासिक दिवस पर अपने पूर्वजों के बलिदान और पीड़ा को स्मरण करने का अवसर प्राप्त होगा। वहां पर महापौर दीपक बाली, उत्तरांचल पंजाबी महासभा जिला अध्यक्ष प्रवीण शेट्ठी, नगर अध्यक्ष आशीष अरोड़ा, प्रीत ढींगरा, मोहन सिंदवानी, राजकुमार फुटेला, सुभाष तनेजा व अन्य लोग मौजूद रहे।