रुद्रपुर के मंडी निदेशालय गेट पर भूख हड़ताल पर बैठे संघ के महासचिव व अन्य।
- फोटो : RUDRAPUR
उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने पदोन्नति सहित दो सूत्री मांगों के लिए आंदोलन शुरू कर दिया है। बुधवार को मंडी निदेशालय पर संघ के महासचिव भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। संघ के प्रतिनिधिमंडल की मंडी उपनिदेशक से वार्ता भी विफल हो चुकी है।
बुधवार को मंडी निदेशालय गेट पर संघ के महासचिव विजय कुमार तिवारी भूख हड़ताल पर बैठे और अन्य पदाधिकारियों ने उपवास रखा। वक्ताओं ने कहा कि शासनादेश जारी होने की तिथि से कनिष्ठ इंजीनियरों को पदनाम अपर सहायक इंजीनियर और ग्रेड पे 4800 उनकी पहली मांग है। इसके साथ ही उपमहाप्रबंधक तकनीकी और सहायक इंजीनियर सिविल के रिक्त पदों पर पदोन्नति उनकी दूसरी मांग है।
मंडी प्रबंध निदेशक ने सेवा नियमावली संशोधन न होने, बोर्ड गठित न होने, अध्यक्ष नामित नहीं होने, मंडियों की आय और आवक की कमियों का उदाहरण देते हुए दोनों मांगों को नकार दिया है। कहा कि एक महाप्रबंधक तकनीकी, एक उपमहाप्रबंधक, एक वित्त अधिकारी, तीन मंडी सचिव श्रेणी 1 के पदोन्नति के आदेश इसी साल जारी किए गए हैं। संघ के अध्यक्ष अजय कुमार पैन्युली ने कहा कि पदोन्नति की मांग से निदेशालय पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ रहा है। उनकी मांगें जायज हैं। कहा कि मांगों के संबंध में मंडी उपनिदेशक से वार्ता में भी कोई हल नहीं निकला है। वहां पर बीपी जोशी, बीएल गुप्ता, उमेश चंद्र श्रीवास्तव, विनोद कुमार, मोहसीन अली खां आदि थे।