रुद्रपुर में मंडी निदेशालय के आगे धरने पर बैठे डिप्लोमा इंजीनियर्स।
- फोटो : RUDRAPUR
इंजीनियरों की पदोन्नति व अन्य मांगों के लिए मंडी निदेशालय के आगे धरने पर बैठे कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड के डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के पदाधिकारियों का मंगलवार शाम को धरना समाप्त हो गया है। पदाधिकारियों ने शासन को 15 दिन का समय देकर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को धरने पर बैठे इंजीनियरों का समर्थन देने लोनिवि व सिंचाई विभाग के इंजीनियर पहुंचे। कर्मचारियों ने कहा कि कृषि विपणन बोर्ड में इंजीनियरों को सुविधाओं से वंचित रखना, नई भर्तियां न करना, समयबद्ध पदोन्नतियां न किए जाने आदि से बोर्ड की छवि को प्रदेश स्तर पर नुकसान पहुंच रहा है।
धरने के बाद भी शासन ने कोई संज्ञान नहीं लिया। मंडी बोर्ड को लंबित मांगों को पूर्ण किए जाने के लिए 15 दिन का समय अंतिम रूप से प्रदान किया जाता है। मांगे पूरी नहीं होने पर एक सितंबर से आंदोलन किया जाएगा। इसके तहत संघ के महासचिव वीके तिवारी आमरण अनशन करेंगे और संघ के सभी सदस्य दैनिक उपवास पर बैठेंगे। वहां लोनिवि डिप्लोमा इंजीनियर संघ के प्रांतीय अध्यक्ष आरएस मेहरा, भरत डांगी, पीसी पांडे, अजय टम्टा, एके पैन्यूली, एससी पांडे, बीपी जोशी आदि थे।