संवाद न्यूज एजेंसी
खटीमा। अघोषित बिजली कटौती के साथ ही हल्दी घेरा पावर स्टेशन की हाइटेंशन लाइन का पोल टूटने से करीब 26 गांवों के सात हजार उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा पसरा है। बिजली आपूर्ति 20 घंटे से ठप पड़ी है। बिजली न आने से भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं।
हल्दी घेरा पावर स्टेशन से लगभग 26 ग्राम सभाओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। इन दिनों गेहूं की पकी फसल को लेकर ऊर्जा निगम की ओर से आगजनी के खतरे को देखते हुए दिन में आठ से नौ घंटे की कटौती की जा रही है। कंट्रोल रोस्टिंग एवं रात को बिजली की आंख मिचौली से ग्रामीण परेशान हैं। चांदा भुडरिया में हाइटेंशन लाइन 33 केवी का खंभा टूट कर जमीन पर गिरने से गेहूं की नरई में आग लग गई। आग पर किसानों ने बमुश्किल काबू पाकर फसल तो बचा ली लेकिन 26 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। ऊर्जा निगम के ढुलमुल रवैये से करीब 20 घंटे से ग्रामीण अंधेरे में रहने के साथ भीषण गर्मी झेल रहे हैं। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है बिजली के रेट लगातार बढ़ा रहा है मगर पुरानी बिछी हुई लाइनों की कोई देखभाल नहीं की जा रही है। खेतों में लगे लोहे के पोल जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। जेई विनोद जोशी ने बताया की विभाग की टीम टूटे पोल को बदलने में जुटी है और देर शाम तक आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
काशीपुर में भी तेज आंधी से पोल गिरे, सप्लाई रही ठप
काशीपुर। तेज आंधी से बृहस्पतिवार रात बिजली के कई पोल गिर गए। इससे विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों की रात भर बिजली आपूर्ति ठप रही। विद्युत लाइनों की मरम्मत होने के बाद शुक्रवार को बिजली की आपूर्ति सुचारु हो गई। इधर, भीमनगर-खरमासा क्षेत्र में खंभे नहीं बदलने के कारण विद्युतापूर्ति सुचारु नहीं हो पाई है।
बृहस्पतिवार रात अचानक अंधड़ से ग्रामीण क्षेत्र के कुंडेश्वरी, एनडी नगर, प्रतापपुर, महुआखेड़ा गंज के बिजली घर से जाने वाली लाइनों पर कई जगह पेड़ गिर गए थे। अंधड़ में कई खंभे भी टूट गए। शुक्रवार को महुआखेड़ा गंज, एनडी नगर, बाजपुर रोड डिग्री कॉलेज के पास टूटे खंभे बदल दिए गए हैं। लाइनों की मरम्मत होने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, भीमनगर-खरमासा क्षेत्र में खंभे नहीं बदलने के कारण शुक्रवार को भी बिजली सप्लाई सुचारु नहीं हो सकी है। उधर, शहरी क्षेत्र में आंधी के चलते मानपुर, गिरिताल, पटेल नगर, जसपुर खुर्द, मेन बाजार, रामनगर रोड आदि क्षेत्र की बत्ती बृहस्पतिवार देर रात कई घंटे तक गुल रही।