खटीमा नगर पालिका की लंबित जांचों के साक्ष्य उपलब्ध न होने पर बृहस्पतिवार को पालिका पहुंची एसडीएम निर्मला बिष्ट को ईओ (अधिशासी अधिकारी) सहित 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। यहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारी अवकाश पर हैं। उनके अवकाश संबंधी पत्र जिसके पास हैं, वह भी अनुपस्थित है।
इधर, पालिका के ईओ ने अवकाश के संबंध में बताया कि उन्होंने पालिकाध्यक्ष सोनी राणा को छुट्टी का आवेदन किया है। वहीं, एसडीएम ने पालिकाध्यक्ष से इसका जवाब पूछा तो उन्हें अवकाश संबंधी कोई सूचना नहीं है। फिलहाल एसडीएम ने अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने को कहा है।
अनुपस्थित कर्मियों का काटा जाएगा एक दिन वेतन : पालिकाध्यक्ष
खटीमा। इधर, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी राणा ने बताया कि एसडीएम के निर्देशानुसार अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। इस मामले में यह भी पता लगाया जाएगा कि अनुपस्थित कर्मचारी ने क्या छुट्टी स्वीकृत कराई है। राणा ने ईओ के अवकाश की जानकारी के सवाल पर बताया कि एसडीएम की कार्यवाही के आधे घंटे बाद ईओ का अवकाश संबंधी पत्र उन्हें मिला, जबकि इससे पहले एसडीएम से फोन पर उन्हें जानकारी मिली कि उनके पास किसी भी कर्मचारी की अवकाश संबंधी सूचना नहीं है। (संवाद)
एसडीएम एवं ऊर्जा निगम के ईई ने की जांच
खटीमा। नगर पालिका में पथ प्रकाश के लिए लग रहे बिजली उपकरण टेंडर को लेकर सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत पर डीएम रंजना राजगुरु ने एसडीएम को जांच के निर्देश जारी किए हैं। जांच संबंधी रिकार्ड के लिए नगर पालिका कार्यालय पहुंची एसडीएम निर्मला बिष्ट एवं अधिशासी अभियंता दीपक सैनी को नगर पालिका में काफी इंतजार के बाद भी कोई रिकार्ड नहीं मिल सके। स्टोर कीपर नदारद मिला। अंत में एसडीएम बिष्ट एवं ऊर्जा निगम ईई सैनी ने राजीव नगर पकड़िया वार्ड संख्या 20 में खंभों पर लगी प्रकाश व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि शुक्रवार को रिकार्ड के आधार पर जांच की जाएंगी। (संवाद)
नो वर्क नो पे का फार्मूला होगा लागू : पालिकाध्यक्ष
- पालिकाध्यक्ष, सभासदों और स्वच्छकार कर्मचारी संघ के बीच हुई त्रिपक्षीय वार्ता
खटीमा। उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ, नगर पालिका अध्यक्ष सोनी राणा एवं सभासदों की त्रिपक्षीय वार्ता बृहस्पतिवार को हुई। इसमें 12 बिंदुओं पर चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष सोनी राणा ने कहा कि पालिका में नो वर्क नो पे का फार्मूला लागू होगा। वार्ता में कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका संगठन सुचारु रूप से काम कर रहा है वह हड़ताल में शामिल नहीं है।
त्रिपक्षीय वार्ता में वर्दी देने का वर्क आर्डर, मोहल्ला स्वच्छता समिति को चार माह का वेतन देने हेतु ईओ को निर्देशित करने, 2500 रुपये सालाना भत्ता, वाल्मीकि बस्ती में कच्चा नाला पक्का करने सहित 12 बिंदुओ पर कार्य करने पर लिखित समझौता हुआ। वहां पर जेपी सिंह, विश्वनाथ यादव, सितारा बेगम, बुद्धसेन, रघुवीर, बलवीर, श्यामवीर, राजकुमार, मनोज कुमार, रामू भारती आदि थे। (संवाद)