जसपुर में निर्माण कंपनी प्रोजेक्ट मेनीजर को समस्य से अवगत करते पूर्व विधायक।
- फोटो : KASHIPUR
मंडवाखेड़ा गांव में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के अंडरपास से हो रही जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए धरने पर बैठे ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के नाला निर्माण कराने के आश्वासन पर धरना खत्म कर दिया।
मंडवाखेड़ा गांव और कटारमल मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के अंडरपास का निर्माण कराया जा रहा है। इससे रास्ते में जलभराव हो गया। इससे आक्रोशित ग्रामीण धरने पर बैठ गए। उन्होंने पूर्व विधायक को सूचना देकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की। बृहस्पतिवार को पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव और कटारमल मंदिर पर आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन अंडरपास पर जलभराव हो गया है। उन्होंने स्लिप रोड का निर्माण कराने, जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
पूर्व विधायक ने परियोजना निदेशक बीपी पाठक से फोन पर वार्ता कर समस्या बताई। उनके निर्देश पर घटनास्थल पर पहुंचे निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने कटारमल मंदिर में आवागमन के लिए बन रहे अंडरपास में जलभराव से निजात दिलाने के लिए नाले का निर्माण कर खलिया नदी में पानी डालने, स्लिप रोड का जल्द निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया। वहां ग्राम प्रधान ओमप्रकाश सिंह, रमेश सिंह, समरपाल सिंह, जसवंत सिंह, दयाराम सिंह, अजब सिंह, हरपाल सिंह, नरेंद्र चौहान आदि थे।