काशीपुर। बरखेड़ापांडे में ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस में कथित रूप से पाक समर्थित नारे लगाए जाने के प्रकरण में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस इस वीडियो की फोरेंसिक जांच के लिए चंडीगढ़ प्रयोगशाला भेजेगी। उधर, ग्राम प्रधान रहे सरफराज की तहरीर पर भी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राम बरखेड़ापांडे में एक व्यक्ति ने 22 सितंबर को अपनी फेसबुक आईडी पर एक वीडियो पोस्ट की थी। इसमें दावा किया था कि दो भाई-बहन प्रत्याशियों के नामांकन जुलूस के दौरान उनके समर्थकों ने पाक समर्थित नारे लगाए।
इस वीडियो के आधार पर विहिप के जिला मंत्री यशपाल राजहंस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर सौंपी थी। वहीं, थाने पहुंचे दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया था। पुलिस ने वीडियो जांच के लिए जिले की साइबर सेल को भेजा लेकिन इसकी स्पष्ट जांच नहीं हो सकी।
एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि अब इस वीडियो की जांच चंडीगढ़ स्थित जन विश्लेषक प्रयोगशाला से कराई जाएगी। वीडियो की एफएसएल में जांच के लिए मुकदमा नंबर की आवश्यकता पड़ती है। वीडियो की जांच कराने के लिए आईटीआई थाना पुलिस ने विहिप के जिला मंत्री यशपाल राजहंस की तहरीर पर घटना के पांच दिन बाद अज्ञात के खिलाफ धारा 153 ए व 505 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बरखेड़ापांडे में सरफराज उर्फ छोटू प्रधान के भाई फिरोज आलम और बहन गजाला के नामांकन जुलूस में उनके समर्थकों ने पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए। उधर, दूसरे पक्ष के सरफराज उर्फ छोटू ने पुलिस को तहरीर दी कि किसी ने याकूब के नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर उसके प्रति धार्मिक उन्माद फैलाने वाली आपत्तिजनक पोस्ट डाली।
जिससे धर्म विशेष के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई। थाना प्रभारी कुलदीप अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने सरफराज की तहरीर पर भी अज्ञात के खिलाफ धारा 295 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोट-
सोशल साइट्स पर धार्मिक उन्माद फैलाने वाली पोस्ट और वीडियो वायरल करने वालों को चिह्नित करने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। यह साइबर टीम आपत्तिजनक पोस्ट को चिह्नित कर जांच करेगी।
डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी, काशीपुर।