पंतनगर/शांतिपुरी/किच्छा। जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में चली गोली लगने से घायल मुकेश टाकुली उर्फ मुक्कू की हालत गंभीर बनी हुई है। बरेली के राममूर्ति अस्पताल में हुए ऑपरेशन में डॉक्टर घायल के सिर में फंसी गोली निकालने में असफल रहे। डॉक्टरों के अनुसार मुकेश कोमा में है और उसे आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। इधर, 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ सकी है।
बृहस्पतिवार की शाम नगला-किच्छा मार्ग पर गोकुल नगर स्थित पवन पापुलर फार्म में शांतिपुरी नंबर दो निवासी मुकेश उर्फ मुक्कू को जुआ खेलने के दौरान हुए विवाद में उसके ही दोस्त ने ही गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मुकेश को आननफानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे राममूर्ति अस्पताल भोजीपुरा (बरेली) में भर्ती कराया गया।
इधर, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं लेकिन अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है। सीओ पंतनगर आशीष भारद्वाज ने बताया कि किसी ने आरोपी के कार बुक कराकर भीमताल जाकर छिपने की सूचना दी थी। सूचना के आधार पर भीमताल में दबिश भी दी गई लेकिन वहां आरोपी नहीं मिला। आरोपी के बागेश्वर की तरफ जाने की आशंका पर भी पुलिस काम कर रही है। हालांकि जो कार ड्राइवर आरोपी को ले गया था, पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि पांच टीमें संभावित जगहों पर लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस सर्विलांस की मदद भी ले रही है। पुलिस के अनुसार अभी तक परिजनों का ओर से किसी के खिलाफ तहरीर नहीं सौंपी गई है।
पुलिस सतर्क, कहीं गैंगवार का रूप न ले ले मामला
पंतनगर/किच्छा। क्षेत्र की गौला नदी में अवैध खनन से जुड़े कई लोग जहां वर्चस्व कायम कर रातोंरात अमीर बन गए। वहीं, कइयों ने इस वर्चस्व की जंग में जान गंवा चुके हैं। इसके अलावा जंगलात सहित प्राग फार्म, पवन पापुलर फार्म आदि से लकड़ी का अवैध कटान कर तस्करी में भी क्षेत्र के कई युवा शामिल हैं। वर्चस्व की इस जंग में कई बार गुटों के बीच मारपीट और फायरिंग हो चुकी है। बृहस्पतिवार को हुए गोलीकांड को भी पुलिस इसी से जोड़कर देख रही है। इसलिए शांतिपुरी में एहतियातन पुलिस और पीएसी तैनात की गई है कि कहीं यह मामला गैंगवार का रूप न ले ले।