नानकमत्ता। घर के आंगन में फोन पर बात कर रही युवती का अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवती के फेसबुक फ्रेंड के परिचित दो युवकों ने यह वारदात की थी। पुलिस ने इस घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है।
शनिवार को एक महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर बताया था कि बृहस्पतिवार को उसकी 19 वर्षीय बेटी बिजली न होने पर घर के आंगन में मोबाइल से बात कर रही थी। तभी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सवार दो युवकों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस कर उसे अगवा कर लिया और जंगल में ले गए। आरोपियों ने उसकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट सहित पुलिस की तीन टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी और मोबाइल डाटा के आधार पर घटना में शामिल नौगजा गांव निवासी संदीप उर्फ सैंडी और कुणाल सिंह राणा को नेशनल हाईवे से नौगजा मार्ग को जाने वाले मार्ग पर दबोच लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 366 व 376 डी के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष केसी आर्य ने बताया कि पीड़ित युवती की खटीमा के एक युवक से फेसबुक के जरिये दोस्ती हो गई थी। आरोपियों ने उस युवक के मित्र से पीड़िता का मोबाइल नंबर लेकर युवती से फोन पर बात की और खुद को उसका फेसबुक फ्रेंड बताया। उसे घर से बाहर मिलने के लिए बुलाया। आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
पुलिस टीम को 2500 रुपये का इनाम
नानकमत्ता। नौ घंटे के भीतर खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष केसी आर्य, एसआई दीवान सिंह बिष्ट, एसआई शंकर सिंह बिष्ट, एसआई मंजू पवार, एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट, कांस्टेबल प्रकाश आर्य, बोबिन्दर कुमार, नवनीत कुमार, लोकेश तिवारी, यशवंत, प्रकाश जोशी, पूरन सिंह, भूपेंद्र, महिला कांस्टेबल कमला दुग्ताल, विद्या रानी, बीना व सीसीटीवी एक्सपर्ट गोविंद सिंह शामिल थे।
संदीप पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
नानकमत्ता। सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार संदीप उर्फ सैंडी के खिलाफ पहले से तीन मुकदमे दर्ज हैं। थानाध्यक्ष केसी आर्य ने बताया कि आरोपी संदीप पर नानकमत्ता व खटीमा कोतवाली में चोरी सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं जिनमें वह जेल जा चुका है। पुलिस गिरफ्तार कुणाल का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। संवाद
अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें
नानकमत्ता। थानाध्यक्ष केसी आर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट पर अपनी लोकेशन शेयर न करने, अनजान व अपरिचित लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, जरूरत पड़ने पर महिलाओं के लिए बनाई गई गौरा शक्ति ऐप व 112 नंबर तत्काल अपलोड करने की अपील की है। संवाद